घरवाले पहले मान जाते तो एक बिटिया दुष्कर्म का शिकार होने से बच जाती। दरअसल मुंह बोले ताऊ की अश्लील हरकत की शिकायत पर विश्वास नहीं होने पर मुजफ्फरनगर की युवती से हल्द्वानी के बनभूलपुरा में दुष्कर्म हुआ। शर्मनाक घटना का लाइव वीडियो भेजने के बाद परिजनों को यकीन हुआ। तहरीर के आधार पर बनभूलुपरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छप्पार मुजफ्फरनगर निवासी पीड़िता का कहना है कि उसके पिता रोडवेज में संविदा पर ड्राइवर हैं। वह पांच भाई-बहन हैं। बनभूलपुरा निवासी जुबैर आलम उसके पिता का दोस्त था। जुबैर रोडवेज में ड्राइवर रहा चुका है। जुलाई 2024 में जुबैर उनके घर आया और पिता से बोला कि अपनी बेटी को हमारे घर काम करने के लिए भेज दो, उनकी पत्नी बीमार रहती है। पिता ने जुबैर पर यकीन कर उसे भेज दिया। युवती जुबैर को ताऊजी कहकर बुलाती थी। इस कारण वह बनभूलपुरा आ गई।
ये पढ़ें- भाजपा नेता की पीड़ित परिवार को धमकी: कहा- मंत्री और विधायक का आदमी हूं...मुंह खोला तो होंगे गंभीर परिणाम
आरोप है कि उसे हल्द्वानी आते समय बस में नींद आ गई। तब जुबैर ने उसके साथ अश्लील हरकत की। घर पहुंचकर वह लंबे समय तक गलत हरकत करता रहा। 19 जुलाई को इस कारण उसकी तबीयत खराब हो गई। वह घर पहुंची तो परिजनों को सारी बात बताई लेकिन उन्हें यकीन नहीं हुआ। 13 अगस्त को जुबैर फिर उसे लेने आया और वह हल्द्वानी आ गई। 10 दिन तक जुबैर ने उसके साथ कुछ नहीं किया। 11वें दिन से उसने अश्लील हरकत और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है उसके पास मोबाइल नहीं था। इस कारण वह घर में शिकायत नहीं कर सकी।
वीडियो साक्ष्य के आधार पर करेंगे गिरफ्तारी
युवती के साथ आरोपी की दरिंदगी जारी रही। एक दिन मौका पाकर युवती ने जुबैर का मोबाइल लिया और उसकी गलत हरकत की लाइव वीडियो बना ली। यह वीडियो पहले जुबैर की पत्नी और फिर बहन को यकीन दिलाने के लिए उसके मोबाइल पर भेज दी। इसके बाद घरवालों को यकीन हो गया। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि आरोपी जुबैर निवासी नई बस्ती बनभूलपुरा के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के परिवार वाले हल्द्वानी आ रहे हैं। इसके बाद वीडियो साक्ष्य के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।