Election 2024: कालाढूंगी विधानसभा के राउमावि नवाड़खेड़ा को आदर्श दिव्यांग मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं के पहुंचने पर फूलमाला डालकर स्वागत किया गया।
कालाढूंगी विधानसभा के राउमावि नवाड़खेड़ा को आदर्श दिव्यांग मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं के पहुंचने पर फूलमाला डालकर स्वागत किया गया। यहां उनके सूक्ष्म जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
विज्ञापन
इस मतदान केंद्र की सजावट की जिम्मा पंजाब नेशनल बैंक को दिया गया था। मतदान केंद्र को गुब्बारे और टैंट लगाकर सजाया गया था। यहां सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया था। मतदान केंद्रों से बाहर निकलने पर मतदाताओं ने सेल्फी प्वाइंट में सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करते हुए लोगों को मतदान के प्रति लोगों को जागरुक किया। सुबह से ही इस मतदान केंद्र में मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिली। यहां वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं की मदद के लिए एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी तैनात किए गए थे।
दिव्यांग और वरिष्ठजनों को मतदान केंद्र तक लाने ले जाने के लिए निशुल्क वाहन की व्यवस्था भी की गई थी। गौरतलब है कि, इस पोलिंग बूथ में जिले में सबसे अधिक 60 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत है। जिले में 255 पोलिंग बूथ ऐसे हैं जहां दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। इन पोलिंग बूथों पर दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं की मदद के लिए 55 एनसीसी कैडेट और 245 एनएसएस स्वयंसेवी तैनात किए गए थे।