नैनीताल। नगर पालिका में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर शहरी विकास विभाग की ओर से की जा रही जांच पड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रही। दूसरे दिन सुबह टीम के सदस्यों ने भौतिक जांच पड़ताल करने के बाद पालिका कार्यालय में फाइलें खंगाली। अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ भी की। टीम ने भौतिक नजरी नक्शे के साथ ही बिंदुवार रिपोर्ट तैयार की।
पालिका की अनियमितताओं की शिकायतों पर मुख्यमंत्री की गंभीरता व शासन के निर्देश के बाद शहरी विकास विभाग की टीम बुधवार से नैनीताल में डेरा डाले है। बीते दिवस देर शाम सात बजे तक पालिका अधिकारी, विभिन्न पटल के मुखिया, कार्मिकों से पूछताछ की गई एवं दस्तावेज खंगाले गए। बृहस्पतिवार सुबह टीम के सदस्य मेला स्थल डीएसए मैदान पहुंचे। जहां मैदान के कुल क्षेत्र, पार्किंग स्थल, मेला स्थल, विभिन्न धार्मिक व पालिका से दूरी समेत अन्य बिंदुओं को भौतिक रूप से परखा।
उन्होंने सुबह होने वाली खेल गतिविधियों समेत माॅर्निंग वाक कर झील का चक्कर लगाते हुए खिलाड़ियों की भी जानकारी ली। इसके बाद सुबह नौ बजे से देर शाम सात बजे तक फिर दस्तावेज खंगालने व रिपोर्ट तैयार करने में जुटे रहे। इससे पालिका में खलबली मची रही। दोपहर करीब 12 बजे शहरी विकास विभाग के अधीक्षण अभियंता रवि पांडे देहरादून रवाना हुए। जबकि अपर निदेशक शहरी विकास अशोक कुमार पांडे, वित्त अधिकारी परवीन कौर समेत टीम जांच करने में जुटी रही। अधिकारियों ने हाईकोर्ट का हवाला देते हुए कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। जांच शुक्रवार को भी जारी रहेगी। संवाद