हल्द्वानी मुखानी में सीपीयू द्वारा चालान काटने पर बहस करते भाजपा के नगर अध्यक्ष विजय मनराल।
हल्द्वानी। मुखानी चौराहे के पास एक निजी अस्पताल के सामने शुक्रवार शाम खड़ी भाजपा नगर अध्यक्ष विजय मनराल की कार का सीपीयू ने चस्पा चालान कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पार्टी नेताओं ने हंगामा कर दिया। हंगामे के चलते मुखानी रोड पर कुछ देर तक जाम लग गया। सीपीयू प्रभारी ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
भाजपा नगराध्यक्ष विजय मनराल शुक्रवार शाम अपनी कार अस्पताल के सामने रोड पर खड़ी कर पार्टी नेता की बीमार पत्नी को देखने गए थे। अस्पताल से बाहर आने पर पता चला कि सीपीयू के दरोगा योगेंद्र देव और सिपाही राजेश पांडे ने उनकी कार पर चस्पा चालान किया है। भाजपा नेता ने सीपीयू की कार्रवाई पर एतराज जताया। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल डब्बू (कुमाऊं विवि के सांस्कृतिक निदेशक), ध्रुव रौतेला, प्रमोद बोरा सहित अन्य नेताओं ने सीपीयू की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हंगामा करना शुरू किया। सीपीयू ने बताया कि कार सफेद लाइन से अंदर खड़ी थी। भाजपा नेता के अलावा सड़क पर खड़े अन्य वाहनों का भी चालान किया गया है।
वहीं, हंगामे के चलते मुखानी-जजफार्म रोड पर कुछ देर के लिए जाम लग गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सीपीयू प्रभारी हरकेश सिंह ने भाजपा नेताओं को समझा-बुझाकर विवाद शांत कराया। भाजपा नगराध्यक्ष मनराल ने बताया कि वह पार्टी के एक नेता की पत्नी का हाल-चाल लेने गए थे। अस्पताल के अंदर पार्किंग फुल थी। इस कारण सड़क के किनारे कार खड़ी की थी, फिर भी सीपीयू ने चालान कर लिया। भाजपा नेता ने कहा कि सीपीयू को जागरूकता पैदा करना चाहिए। ऐसा काम करे कि लोग सीपीयू से डरे नहीं, बल्कि इज्जत करें। अस्पताल प्रशासन को भी वाहनों को खड़ा करने के लिए गार्ड का प्रबंध करना चाहिए। अस्पताल में खून देने के लिए आए व्यक्ति के वाहन का भी चालान काटा गया है।
दस वाहन चालकों का किया चालान
सीपीयू प्रभारी हरकेश सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने अस्पताल के सामने सड़क पर खड़े दस वाहन चालकों का चालान किया है। सभी को पता है कि सड़क पर सफेद पट्टी के बाहर वाहनों को खड़ा करना चाहिए। पट्टी से अंदर वाहन खड़ा करने पर चालान करने का प्रावधान है।