हल्द्वानी। कांग्रेस नेता ललित जोशी ने प्रदेश सरकार से हाल ही में जारी नए सर्किल रेट की समीक्षा कर पुनर्विचार कराने की मांग की है। जोशी का कहना है कि सर्किल रेट में हुई अप्रत्याशित वृद्धि का असर आम लोगों पर पड़ना तय है और इससे अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी।
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में जोशी ने कहा है कि हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों के सर्किल रेटों में सरकार ने सौ फीसदी से भी अधिक वृद्धि की है। हल्द्वानी तेजी से विकसित होता शहर है जहां जमीन के दाम पहले ही अधिक हैं। ऐसे में सर्किल रेट बढ़ने से मध्यम, निम्न और नौकरीपेशा लोगों के लिए जमीन खरीदना सपना बनकर रह जाएगा। इससे रियल स्टेट, संपत्ति पंजीकरण प्रक्रिया और स्थानीय बाजार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। कहा है कि इससे राजस्व का नुकसान होगा क्योंकि लोग जमीन की खरीद फरोख्त से बचेंगे। उन्होंने सर्किल रेट की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित कराने, दरों को संतुलित कराने, तब तक बढ़े हुए सर्किल रेट पर रोक लगाने के आदेश जारी कराने की मांग की है। माई सिटी रिपोर्टर