हल्द्वानी। आर्मी के सूबेदार और ज्वैलर्स के घर से लाखों के जेवरात व नकदी पार करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से 22 तोला सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। चोरों ने करीब छह महीने पहले हल्द्वानी और हल्दूचौड़ में बंद घरों के ताले तोड़ घटना को अंजाम दिया था।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आर्मी के सूबेदार मनोज पाठक निवासी इंदिरा कालोनी सेक्टर-चार मेहरा गांव लोहरियासाल तल्ला के घर का ताला तोड़ 20 हजार की नकदी और 20 तोला सोने के जेवरात चोरी हो गए थे। मामले में 13 मार्च 2025 को मनोज की ओर से मुखानी थाना पुलिस को तहरीर सौंपी गई। इसके कुछ समय बाद अप्रैल में चोरों ने गोपीपुरम हल्दूचौड़ में जय अरिहंत काॅलेज के पास रहने वाले ज्वैलर्स नितेश वर्मा के घर में वारदात को अंजाम दिया। 22 अप्रैल को परिवार के दिल्ली से लौटने के बाद चोरी का पता चला। चोर घर से करीब 15 तोला सोना और दो लाख की नकदी उड़ा ले गए।
गदरपुर से पकड़ा
पुलिस को सूचना तंत्र से पता चला कि मुखानी और हल्दूचौड़ में एक ही चोर ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चोरी की घटनाओं में शामिल शातिर आबिद हुसैन निवासी ग्राम डोंगपुरी गदरपुर (यूएसनगर) और वहीं के रहने वाले राजवीर सिंह को काली मंदिर पुल गदरपुर से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से मुखानी से चोरी हुए 14 तोला सोने के जेवरात और हल्दूचौड़ से चोरी आठ तोले वजनी आभूषण बरामद हुए। एएसपी ने बताया कि मुखानी में आबिद ने अकेले चोरी को अंजाम दिया। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने पुलिस टीम को ढाई हजार इनाम की घोषणा की है। इस दौरान सीओ सिटी नितिन लोहनी भी मौजूद रहे।
शातिर है आबिद इसलिए पकड़ने में हुई देर
हल्द्वानी। शातिर आबिद हुसैन स्मैक का आदी है। वह चोरी का शेष रह गया माल बेचने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार मार्च-अप्रैल में वारदात को अंजाम देने के बाद आबिद किसी अन्य मामले में रामपुर में खुद को सरेंडर करा लिया। नैनीताल पुलिस ने उसकी जमानत की कोशिश भी की। आबिद बेहद शातिर था, उसे इसका पता चल गया और पुलिस से बचने के लिए वह अन्य मुकदमे में फिर जेल चला जाता था। 14 अगस्त को आबिद जमानत पर बाहर आ गया। इसकी नैनीताल पुलिस को भनक लग गई। उसके खिलाफ हल्द्वानी और बनभूलपुरा थाने में वर्ष 2019 में एक, 2023 व 2024 में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
सोने के बदले मिलता था 15-20 दिन के लिए स्मैक
हल्द्वानी। एएसपी ने बताया कि आरोपी आबिद नैनीताल और यूएसनगर के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार व झारखंड में घटनाओं को अंजाम देता है। आबिद ने पुलिस को बताया कि चोरी के जेवर बेचना मुश्किल था। आसान यह था कि वह लत पूरी करने के लिए नशा तस्करों को जेवर दे देता था और उसके बदले में उसे 15-20 दिन तक पीने की लिए स्मैक मिल जाती थी। स्मैक के लिए आबिद ने चोरी का कुछ माल तो बहेड़ी, किच्छा और बरेली में चलते-फिरते स्मैक बेचने वालों को भी दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गदरपुर में काली मंदिर के पास बने पुल के पिलर के नीचे छिपाया माल बरामद किया।