हल्द्वानी। चंडीगढ़ से दीपावली मनाने गांव जा रहे बेरीनाग के युवक से आईफोन, सात हजार की नकदी लूटने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक पर लूट के पहले से दो केस चल रहे हैं। उनके कब्जे से लूटी गई सोने की बाली, आईफोन और पांच हजार रुपये बरामद हुए हैं।
पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। सात नवंबर की सुबह वह प्रेम टॉकीज के पास पहुंचे और गांव जाने के लिए वाहन की तलाश करने लगे तभी दो युवक उनके पास आए और गली में टैक्सी खड़ी होने की बात कही। वह गली में पहुंचे ही थे कि दोनों ने चाकू की नोक पर उनसे लूटपाट की। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। भोटियापड़ाव चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने 100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सोमवार को पुलिस टीम ने राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से लूट के आरोपी अभय सिंह उर्फ उड़ी और सूरज आर्य निवासी वार्ड-12 राजपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी अभय की उम्र 21 और सूरज की उम्र 18 साल है। अभय पर पहले से केस दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
- हरबंश सिंह, एसपी सिटी