फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand: नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे समेत दो की मौत, फॉर्च्यूनर के उड़े परखचे; शव देख मची चीख पुकार

Thu, 25 Jan 2024 04:47 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क,ऊधम सिंह नगर

सार

किच्छा के पास मंगलवार रात करीब दो बजे ट्रक से टकराने के बाद फॉर्च्यूनर कार के परखचे उड़ गए। हादसे में यूपी के पीलीभीत जिले की जहानाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष ममता गुप्ता के बेटे शिवा गुप्ता सहित दो लोगों की मौत हो गई। 
विज्ञापन
road accident - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर किच्छा के पास मंगलवार रात करीब दो बजे ट्रक से टकराने के बाद फॉर्च्यूनर कार के परखचे उड़ गए। हादसे में यूपी के पीलीभीत जिले की जहानाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष ममता गुप्ता के बेटे शिवा गुप्ता सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हुआ है। शिवा नवाबगंज में रहने वाले अपने दो दोस्तों के साथ लौट रहा था।

विज्ञापन


ममता गुप्ता की बेटी शिल्पी की बृहस्पतिवार को गोद भराई थी। इसके लिए शिवा (22) पुत्र दुर्गाचरण गुप्ता फॉरच्यूनर गाड़ी से किच्छा से लौट रहा था। उसके साथ नवाबगंज के नई बस्ती के रहने वाले दोस्त आसिफ (20) पुत्र जमील व शिवम कुमार उर्फ शिवा पुत्र रमेश चंद्र निवासी जहानाबाद भी सवार थे। चेयरमैन का छोटा बेटा शगुन भी शिवा के साथ पीलीभीत तक आया था। शिवा ने शगुन को पीलीभीत से वापस जहानाबाद भेज दिया। इसके बाद तीनों दोस्त किच्छा चले गए।

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब दो बजे थाना पुलभट्टा से करीब दो किलोमीटर आगे पिपलिया मोड़ के पास हादसा हो गया। हादसे की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने घायलों को निकाला। तब तक चेयरमैन के पुत्र शिवा गुप्ता व नवाबगंज के आसिफ की मौत हो गई थी। जबकि तीसरा दोस्त शिवम कुमार उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद वह किसी वाहन से लिफ्ट लेकर बहेड़ी चला गया। सीओ ओम प्रकाश शर्मा और कोतवाल सुंदरम शर्मा भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजन को घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन


कोहरा भी हो सकता है दुर्घटना का कारण
हादसे के समय क्षेत्र में घना कोहरा था। ऐसे में कोहरे को भी हादसे का कारण माना जा रहा है। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि कार को चेयरमैन का बेटा शिवा चला रहा था। शिव कुमार पिछली सीट पर था, जबकि उसका ड्राइवर आसिफ शिवा के बगल में बैठा था।

दुर्घटना वाले ट्रक की तलाश जारी
कोतवाल सुंदरम शर्मा ने अनुसार आसपास के लोगों के कार के भूसी खाली करके आए ट्रक से टकराने की बात कही है। ट्रक को तलाशने के लिए सीसीटीवी देखे गए तो उसमें कोहरे के अलावा कुछ नजर नहीं आ रहा। 
 

घर में चल रही थी बहन की गोद भराई की तैयारी, पहुंची भाई की लाश
जहानाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष ममता गुप्ता के घर पर बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। बृहस्पतिवार को बेटी की गोद भराई की रस्म थी, लेकिन एक दिन पहले ही सब बदल गया। बुधवार को घर पर बड़े बेटे की लाश पहुंची। हादसे में खत्म हुए पंचायत अध्यक्ष के बेटे की मौत से पूरा कस्बा शोक में डूब गया।

जहानाबाद के चेयरमैन के पति दुर्गाचरण गुप्ता उर्फ अन्ना ने अपनी बेटी की शादी तय की थी। बृहस्पतिवार 25 जनवरी को उनकी बेटी का गोद भराई का कार्यक्रम था। माधोटांडा रोड पर एक बड़े होटल में आयोजन रखा गया था। घर में इसकी तैयारी चल रहीं थीं। बेटे मौत की खबर बुधवार तड़के जैसे ही घर पहुंची कोहराम मच गया। ममता गुप्ता दूसरी बार जहानाबाद की चेयरमैन बनी हैं। दुर्गाचरण भी चेयरमैन रह चुके हैं। शिवा ठेकेदारी के व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि मंगलवार शाम शिवा अपने दोस्तों के साथ बहन की शादी के लिए रिजॉर्ट देखने रामनगर की ओर निकला था।
 

बेटे का शव नहीं देख पाए अन्ना, हुए बीमार
चेयरमैन के पति दुर्गाचरन गुप्ता उर्फ अन्ना को जैसे ही हादसे की खबर मिली वह किच्छा चले गए। यहां मोर्चरी से निकलवाकर बेटे का शव देखा तो उनकी हालत बिगड़ गई। बताते हैं कि हादसे में शव काफी क्षत विक्षत हो गया था। तबीयत खराब होने पर अन्ना को लोग वापस जहानाबाद घर ले आए, जबकि परिवार के अन्य लोग वहीं रुके रहे। पोस्टमार्टम होने पर दोपहर बाद शव जहानाबाद पहुंचा।

घर पर शव पहुंचते ही मची चीख पुकार
दोपहर बाद करीब तीन बजे चेयरमैन के पुत्र शिवा का शव एंबुलेंस से कस्बे में उनके बाजार कटरा में स्थित आवास पर पहुंचा। घर पर सैकड़ों लोग जमा थे। शव पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। चेयरमैन ममता गुप्ता व परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौजूद लोगों की आंखों में भी आंसू आ गए। चेयरमैन के तीन बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़े शिवा थे। इसके बाद बेटी शिल्पी व तीसरे नंबर पर छोटा बेटा शगुन है।
 
विज्ञापन

फॉर्च्यूनर के उड़ गए परखचे
घटना के बाद फॉरच्यूनर का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चेयरमैन की गाड़ी फॉरच्यूनर के परखचे उड़ गए। बताते हैं कि फॉरच्यूनर शिवा के बनवसा में रहने वाले मौसा विनय के नाम थी। गाड़ी का हाल देखकर हादसे की वीभत्सा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़, पहुंचे कई नेता
शाम करीब चार बजे शिवा के शव का जहानाबाद में रामलीला मैदान के पास स्थित श्मशान भूमि पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान शोक संवेदना व्यक्त करने कई नेता चेयरमैन के यहां पहुंचे। इनमें मझोला के चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह, पूरनपुर के चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत, दर्जा मंत्री बलराज पासी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख लोकेश गंगवार के अलावा आस-पास के क्षेत्र के कई प्रधान व बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंतिम संस्कार में सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

शोक में बंद रहा जहानाबाद का बाजार
शिवा की मौत की खबर से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। जिस किसी ने भी सुना वह सांत्वना देने चेयरमैन के घर जा पहुंचा। व्यापारियों ने शोक में दुकानें नहीं खोलीं। बुधवार को जहानाबाद का बाजार बंद रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें