नैनीताल। भवाली-ज्योलीकोट मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक कार खाई में गिर गई। हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गईं, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों शुक्रवार रात भवाली से दिल्ली जा रहे थे।
शनिवार सुबह खूपी गांव के बच्चे घूमने गए थे। उन्हें खाई से किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी। बच्चों ने खाई में देखा तो वहां कार दुर्घटनाग्रस्त थी। बच्चों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान चलाया। खाई में एक महिला समेत दो लोगों के शव बरामद मिले, जबकि एक अन्य महिला घायल थी।
थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि शुक्रवार देर रात कार (डीएल 8 सीएए 2634) भवाली से दिल्ली जा रही थी। खूपी गेठिया के पास रात दो बजे के करीब कार खाई में गिर गई। हादसे में सारीन (30) पुत्र शहाबुद्दीन निवासी दौलतपुर गाजियाबाद और नीलम शर्मा (25) निवासी सेक्टर 624 ब्लॉक शंकरपुर पूर्वी दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोल चक्कर पुराना साकेत नगर सेंट्रल दिल्ली निवासी शोफिया (29) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया दुर्घटना का कारण तेज गति से गाड़ी चलाना रहा होगा।