प्रसव के दो दिन बाद महिला की मौत, हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
भीमताल पदमपुरी की एक विवाहिता की हल्द्वानी स्थित निजी अस्पताल में प्रसव के दो दिन बाद मौत हो गई। विवाहिता ने जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर महिला को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सीएमओ से मामले की जांच कराने की मांग की।
पुलिस के मुताबिक पदमपुरी की भावना (24) पत्नी जगदीश पनेरू को प्रसव पीड़ा के बाद नौ फरवरी को डीएम कैंप कार्यालय के सामने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। भावना ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
भावना को दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को इलाज के दौरान भावना की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान ही डॉक्टरों ने लापरवाही बरती। वेंटिलेटर नहीं होने पर दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया।
परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है। सीएमओ से भी मामले की जांच कराने की मांग की है। सीएमओ एलएम उप्रेती के मुताबिक केस हिस्ट्री मंगवाकर जांच कराई जाएगी। उधर, नवजात जुड़वा शिशु स्वस्थ हैं।