लापता हुए बच्चों के परिजन और पुलिस। अमर उजाला
हल्द्वानी। टीपी नगर चौकी क्षेत्र स्थित नीलियम कॉलोनी से रविवार शाम चार साल का बच्चा और 11 वर्ष की बालिका दुकान में टॉफी लेने गए थ्ज्ञे मगर लापता हो गए। करीब चार घंटे की छानबीन के बाद पुलिस ने बच्चों को मुखानी थाना क्षेत्र स्थित हरिपुर नायक से बरामद कर लिया। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
मूल रूप से चंपारण बिहार का रहने वाला टुन्नु कुमार नीलियम कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वरी कॉलोनी निवासी श्याम सिंह नेगी के मकान में किराए पर रहते हैं। करीब 20 दिन पहले श्याम सिंह की बेटी रानीखेत निवासी कमला अपनी 11 वर्षीय बेटी पिंकी को लेकर यहां पहुंची थी। रविवार शाम को टुन्नु का चार साल का बेटा आयुष और श्याम सिंह की नातिन पिंकी घर के बाहर खेल रहे थे। आयुष की जेब में दो रुपये थे और दोनों दुकान में टॉफी लेने चले गए। आसपास दुकान न मिलने पर दोनों पैदल ही मुखानी थाना क्षेत्र के कमलुवागांजा स्थित हरिपुर नायक पहुंच गए। काफी देर तक बच्चे जब घर नहीं लौटे तो परिवार वालों ने स्थानीय लोगों के साथ खोजबीन शुरू की। पुलिस में भी बच्चों के लापता होने की सूचना दी गई।
इधर, पुलिस बच्चों की खोजबीन करती रही। रात करीब 10 बजे हरिपुर नायक निवासी नारायणी देवी को बच्चे क्षेत्र में घूमते दिखे तो उसने बच्चों से पूछा इस पर पिंकी उसे सिर्फ नीलियम कॉलोनी में घर होने की बात बता पाई। बच्चों के भटकने का पता चलते ही नारायणी देवी उन्हें लेकर टीपी नगर चौकी की तरफ आने लगी, बीच रास्ते में टीपी नगर चौकी प्रभारी राहुल राठी से उसकी मुलाकात हुई और उसने राहुल राठी को पूरा मामला बताया। राठी ने बच्चों के परिजनों को चौकी बुलाकर बच्चे उनके सुपुर्द कर दिए।