हल्द्वानी। राजकीय पशु सेवा केंद्र पंचायतघर देवलचौड़ में खड़ी दो बाइकों में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। पड़ोसियों ने किसी प्रकार पानी फेंककर आग को बुझाया लेकिन दोनों बाइक जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। धुएं से चिकित्सालय की छत भी काली पड़ गई है। घटना की सूचना मिलने पर टीपीनगर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। शक है कि नशेड़ियों ने बाइक में आग लगाई है।
पशु सेवा केंद्र के पशुधन प्रसार अधिकारी प्रकाश सिंह बोरा ने बताया कि सिडकुल में कार्यरत दो युवकों ने अपनी बाइक रात में परिसर में खड़ी कर दी थी। रंजिश के चलते किसी ने दोनों बाइक में आग लगा दी। धुआं निकलने पर पड़ोस के लोगों ने किसी प्रकार पानी फेंककर आग को काबू में कर लिया लेकिन बाइक का टायर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
सिर्फ ढांचा बचा था। धुआं से चिकित्सालय की छत और दीवार काली पड़ गई थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पुलिस को शक है कि नशेड़ियों ने बाइक में आग लगायी है क्योंकि बाइक स्वामियों की किसी से रंजिश नहीं थी। पशुधन प्रसार अधिकारी का कहना है कि क्षेत्र में नशेड़ियों का आतंक हो गया है। रात में नशेड़ी किसी का राह चलते सामान छीन लेते हैं या छोटी मोटी चोरी करते हैं।