रामनगर। यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर मंगलवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण स्थानीय सभी सरकारी, गैर सरकारी, निजी बैंक बंद रहे। हड़ताल के दौरान बैंककर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
इनमें इलाहाबाद बैंक के बृजमोहन, नैनीताल बैंक के विनोद पांडे, सिंडिकेट बैंक के अमित कुमार, ओबीसी के महेश सिंह, बैंक ऑफ इंडिया के अभिमन्यु, कूर्मांचल बैंक के वीरेंद्र, पंजाब एंड सिंध बैंक के उमेश, श्याम लाल आदि थे।
नैनीताल। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर नोटबंदी के बाद बढ़ी समस्याओं, पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा को शीघ्र लागू करने, केंद्र सरकार की तर्ज पर स्वीकृत अनुकंपा नियुक्ति योजना लागू करने समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मंडल मुख्यालय नैनीताल के बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे।
बैंकों के बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, लोगों ने जैसे-तैसे एटीएम के सहारे काम चलाया। बैंक बंद होने से नैनीताल में पांच करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ और एसबीआई में करीब पांच करोड़ की क्लीयरिंग भी नहीं लग पाई। एसबीआई में 25 बैंकों, एक पोस्ट ऑफिस की क्लीयरिंग लगती है।
हड़ताल के दौरान सुबह करीब 11:30 बजे आंदोलित बैंक कर्मी मल्लीताल एसबीआई की मुख्य शाखा में एकत्र हुए। वहां पर उत्तरांचल बैंक इंप्लाइज यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष प्रवीण साह की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है, इसकी वजह से उन्हें हड़ताल पर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
चेतावनी दी कि अगर जल्द ही मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। सभा को प्रवीण साह, शिखर साह, यूडी जोशी, हरीश तिवारी, राकेश साह, निर्मल साह, अर्पणा कीर्ति, एलएस अधिकारी, एलएम सनवाल, बीएस नेगी, एनबी कांडपाल, सुधीर चंद्रा, रजत साह, डीएस रौतेला, डीसी कांडपाल आदि ने संबोधित किया।