बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के बीच इलाज करा रहे मरीजों को अब इलाज के लिए और तरसना पड़ेगा। डाक्टरों की कमी से जूझ रहे बेस अस्पताल के तीन डाक्टरों की ड्यूटी चारधाम यात्रा में लगाई गई है, जबकि दो की मानसरोवर यात्रा में ड्यूटी लगाने के लिए सीएमओ ने नाम मांगे हैं।
बेस अस्पताल में प्रतिदिन 12 सौ से 14 सौ मरीज ओपीडी में आते हैं। यहां वर्तमान में 21 डाक्टर तैनात हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के अनुरूप अस्पताल में एक दर्जन डाक्टर पहले से ही कम हैं और कई बार शासन तक जानकारी भेजने के बाद भी डाक्टरों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। ऐसे में चारधाम यात्रा के लिए फिजीशियन डा. पीएस टाकुली, रेडियोलाजिस्ट डा. एलएम रखोलिया और इमरजेंसी मेडिकल अफसर डा. रजत भट्ट की ड्यूटी लगा दी गई है। तीनों डाक्टरों को एक माह तक ड्यूटी देनी है और इनकी ड्यूटी अलग-अलग महीनों में लगाई गई है।
फिजीशियन डा. टाकुली की ड्यूटी जानकी चट्टी में लगाई है, जबकि दो अन्य डाक्टरों की ड्यूटी सोनप्रयाग और गौरीकुंड में लगी है। डाक्टरों की चारधाम में ड्यूटी के निर्देश स्वास्थ्य महानिदेशक के स्तर से आए हैं। वहीं, कैलास मानसरोवर यात्रा के लिए भी दो डाक्टरों के नाम बेस अस्पताल प्रशासन से मांगे गए हैं। डाक्टरों के नाम भेजने के लिए सीएमओ डा. एलएम उप्रेती ने पत्र लिखा है।