हल्द्वानी। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लिए ट्रायल की तारीख घोषित कर दी गई है। विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल 14 जुलाई और एक अगस्त से शुरू होंगे। इस बार चयनित खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता के साथ ऑनलाइन प्रशिक्षण देने की भी तैयारी है।
जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल 14 जुलाई और 14 वर्ष से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के ट्रायल की शुरुआत एक अगस्त से होगी। जिले में छात्रवृत्ति के लिए 300 बालक और बालिकाओं का चयन होगा। हर ब्लाक से शारीरिक परीक्षा के बाद 25-25 बालक व बालिकाओं का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में पर्यवेक्षण समिति की बैठक होगी।
चयन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज
छात्रवृत्ति के लिए चयन जिला स्तर से होगा। प्रतिभागी एक ही स्तर पर परीक्षा दे सकते हैं। हर स्कूल से दो बच्चों का चयन होगा। इच्छुक प्रतिभागियों की आयु आठ से 23 वर्ष होनी चाहिए। पंजीकरण के लिए जन्म व स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण और अध्ययनरत विद्यालय से बच्चे का विवरण देना जरूरी है।