हल्दूचौड़ (नैनीताल)। गोरापड़ाव स्टोन क्रेशर से ओवरलोड रेत लेकर बरेली जा रहा दस टायरा ट्राला बेरीपड़ाव के पास अनियंत्रित हो गया और विशालकाय पाकड़ के पेड़ से जा टकराया। घटना में टाटा मैजिक पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। बेरीपड़ाव चौराहे के पास हल्द्वानी की ओर से ओवरलोड रेता लेकर बरेली जा रहे दस टायरा ट्राला नंबर यूपी25बीटी-0656 विशालकाय पाकड़ के पेड़ से जा टकराया।
जिससे गिरे पेड़ की चपेट में आकर वहां खड़ी टाटा मैजिक नंबर यूके04टीए-6615 क्षतिग्रस्त हो गई। इनके चालक समेत सभी लोग बालबाल बचे लेकिन वहां जाम लग गया। सेंचुरी पेपर मिल से ड्यूटी कर घर लौट रहे कांग्रेसी नेता राजेंद्र दुर्गापाल ने लालकुआं कोतवाली और हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। तत्काल वहां पहुंची पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जाम हटाया।