कैंची धाम क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दो किलोमीटर लंबा जाम लगने से यात्रियों और सैलानियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क किनारे वाहनों को खड़े करने से जाम की समस्या नासूर बन गई है। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा।
भवाली में सुबह 11 बजे से दोपहर करीब दो बजे तक जाम की समस्या बनी रही। भीमताल में भी सड़क किनारे वाहनों के बेतरतीब तरीके से खड़े होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस को सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष भुवन तिवारी ने कहा कि कैंची धाम में जाम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए पुलिस को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उधर, नैनीताल में पर्यटन सीजन के चलते देश-विदेश से सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार दिनभर शहर के भीतर ट्रैफिक सुचारु रूप से चलता रहा। शाम पांच बजे बाद सैलानियों के वाहनों की वापसी शुरू हुई जिससे नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग, भवाली रोड और अपर मॉलरोड पर वाहनों का भारी दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते इन प्रमुख मार्गों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात रेंगने लगा। तल्लीताल चौराहा और हल्द्वानी रोड पर पर्यटकों को लंबे समय तक जाम में जूझना पड़ा।
कार और मैक्स की टक्कर से लगा जाम
भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जड़मिला में दो वाहनों की टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर खैरना चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात सुचारु कराया।
कैंची धाम और भवाली में आज वीआईपी मूवमेंट, शटल से जाएंगे श्रद्धालु