हल्द्वानी। बनभूलपुरा स्थित मीट मार्केट के पास लगा ट्रांसफार्मर मंगलवार सुबह छह बजे खराब हो गया। इसके चलते करीब 250 घरों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। किसी तरह बिजली विभाग देर शाम तक ट्रांसफार्मर ठीक कर पाया, पर कुछ देर बाद ट्रांसफार्मर फिर फुंक गया।
बिजली विभाग के एसडीओ शशिकांत ने बताया कि मीट मार्केट के पास ट्रांसफार्मर लगा है। इस ट्रांसफार्मर के पास जानवरों का अपशिष्ट फेंक दिया था। इसे खाने के लिए पक्षी पहुंचे और ट्रांसफार्मर से चिपक गए। शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया और आपूर्ति ठप हो गई। दिन में ट्रांसफार्मर को ठीक कराया गया था, लेकिन करीब एक घंटे तक आपूर्ति बहाल हो पाई और दोबारा ट्रांसफार्मर फुंक गया। समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। अब दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने की व्यवस्था की जा रही है। सरताज आलम ने बताया कि गर्मी में आपूर्ति ठप रहने से लोग बेहाल रहे।