हल्द्वानी। काठगोदाम से चलने वाली रेलगाड़ियों में ऑफ सीजन में सीटों फुल हैं। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए रानीखेत एक्सप्रेस में 22 अगस्त तक फर्स्ट एसी से लेकर स्लीपर कोच में 137 तक वेटिंग चल रही है। नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी में 19 अगस्त को चेयर कार में 16 सीटें खाली हैं जबकि एक्जीक्यूटिव में वेटिंग है। संपर्क क्रांति में भी मंगलवार को सीट उपलब्ध नहीं है। इस गाड़ी में चेयर कार की 200 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं जबकि एसी चेयर कार की 25 वेटिंग चल रही है।
आईआरसीटीसी वेबसाइट के मुताबिक जैसलमेर और हावड़ा तक चलने वाली ट्रेनों में स्लीपर की सीटें वेटिंग में भी उपलब्ध नहीं हैं। रानीखेत एक्सप्रेस में स्लीपर की सबसे अधिक वेटिंग है। इस गाड़ी में फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड एसी पैक है। वापसी में भी यह गाड़ी फुल चल रही है। हावड़ा एक्सप्रेस में भी 31 अगस्त तक फर्स्ट एसी से लेकर स्लीपर तक में जगह नहीं है। काठगोदाम से जाने वाली इस गाड़ी में एक सितंबर से केवल थर्ड एसी में आरएसी 23 चल रहा है। इस गाड़ी की वापसी में भी स्लीपर में मंगलवार से ही 25 अगस्त तक कोई टिकट उपलब्ध नहीं है।
कैंची धाम आने वालों की ट्रेन में भरमार
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कैंची धाम में बढ़ती भीड़ की वजह से लंबी दूरी की गाड़ियां ऑफ सीजन में भी पैक चल रही हैं। पिछले सालों से तुलना में इस बार काठगोदाम से चलने वाली अधिकांश रेलगाड़ियां फुल हैं।