नैनीताल। लोअर मॉल रोड के पुनर्निर्माण में देरी और शहर की विभिन्न समस्याओं के लिए मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने आंदोलन तेज करने का एलान किया है। संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन के नेतृत्व में 15 अगस्त से चल रहे धरने को स्थगित कर पांचवें दिन हुई प्रेस वार्ता में लोअर मॉल रोड के कार्य की विस्तृत जांच और पिछले 10 वर्षों में हुए खर्च का वर्षवार ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की गई।
पुनीत टंडन ने कहा कि धरना शुरू होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई है। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त व डीएम से लोअर व अपर मॉल रोड पर उभर रही दरारों के कारण और तकनीकी उपचार की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही पिछले एक वर्ष में कार्य में हुई देरी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने के लिए कहा। जांच नहीं होने पर हाईकोर्ट की निगरानी में जांच के लिए याचिका दायर करने की चेतावनी दी।
व्यापार मंडल ने लोअर मॉल रोड पूरी तरह चालू होने तक अपर मॉल रोड पर नो-हॉकिंग जोन का निर्णय स्थगित करने की मांग की। इसके अलावा मेट्रोपोल पार्किंग की समयसीमा, अशोक कैपिटल सिनेमा पार्किंग प्रस्ताव पर कार्रवाई, झील में गिर रहे सीवर नालों की मरम्मत, फ्लैट्स मैदान के पास जलभराव व निर्माण की जांच और रूसी बाईपास के प्रस्तावित विकास कार्य जल्द शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने बोट हाउस क्लब के सामने पार्क में बनाए जा रहे कंक्रीट ढांचे को हटाने की मांग करते हुए टंडन ने चेतावनी दी कि तीन से पांच दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो ध्वस्तीकरण आदेश के लिए नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी।