रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के झिरना पर्यटन जोन में बीते दिन खारा गेट पर बरसाती नाला उफान पर आ गया। इससे चलते जंगल सफारी करने गए पर्यटकों की पांच जिप्सी जोन में ही फंस गई। पानी का जलस्तर कम होने के बाद जिप्सियां अपने निर्धारित समय से दो घंटा देरी से रात नौ बजे बाहर आई।
बुधवार सुबह जलस्तर अधिक होने पर सुबह की पाली में झिरना और ढेला जोन को बंद रखा गया। मंगलवार शाम की पाली में जंगल सफारी के दौरान मौसम साफ था। ऐसे में पांच जिप्सियां झिरना जोन में सफारी के लिए पहुंची। लौटते समय खारा गेट के पास बरसाती नाला उफान पर आ गया। इसके चलते पर्यटक जोन के भीतर ही फंसे रहे। जब जलस्तर कम हुआ तो तब पर्यटक सुरक्षित वापस आए। पार्क निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए जिप्सी चालकों और वनाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। संवाद