ामनगर के रिंगौड़ा नाले में बही पर्यटक की कार।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के रिंगौड़ा नाले में शनिवार को गाजियाबाद के पर्यटकों की कार बह गई। गनीमत रही कि कार में कोई भी सवार नहीं थे। सभी लोग मौके पर सेल्फी ले रहे थे। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से पर्यटकों की कार को नाले से बाहर निकाला।
रामनगर शहर से पांच किलोमीटर की दूरी पर ढिकुली की ओर रिंगौड़ा नाला पड़ता है। शनिवार सुबह से बारिश के कारण रिंगौड़ा नाले में पानी आ रहा था। इस बीच कार सवार गाजियाबाद के पर्यटक मोहान से गाजियाबाद जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब कार रिंगौड़ा नाले पर पहुंची, तभी सभी लोग वाहन से उतरकर बीच नाले में सेल्फी लेने लगे। सेल्फी लेने के दौरान अचानक नाले में पानी का बहाव बढ़ गया और कार बह गई। पर्यटकों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। रामनगर पहुंचकर पर्यटक अपने परिचित के पास पहुंचे और मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाले से गुजरने वाले लोगों को संभलकर जाने की हिदायत दी। गर्जिया चौकी प्रभारी मनोज नयाल में बताया कि कार में गाजियाबाद निवासी शिवम अग्रवाल, उनकी पत्नी अपूर्वा और सरिशा और प्रियांशी सवार थे। बाद में सभी दूसरे वाहन से गाजियाबाद चले गए।
बारिश से टेड़ा में बही सड़क
शनिवार दोपहर ढाई घंटे हुई बारिश से टेड़ा गांव में नाले उफान पर आ गए। टेड़ा गांव में भारी बारिश से ग्रामीणों के खेत, मकान और गोशाला में पानी घुस गया। ग्राम टेड़ा में भालू स्रोत में जमीन के साथ-साथ सड़क भी बह गई। टेड़ा निवासी रमेश सुयाल के मकान में पानी घुस गया। परिवार ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। अन्य घरों में भी हल्का पानी घुसने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं वन विभाग की ओर से बनाई हाथी दीवार भी गिर गई। बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
दो घंटे में 15 हजार क्यूसेक पहुंचा पानी
शनिवार को बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया। कोसी बैराज में दोपहर दो बजे 15 हजार क्यूसेक पानी रिकॉर्ड किया गया, जबकि 12 बजे तक जलस्तर करीब दो हजार क्यूसेक था। जलस्तर बढ़ते ही बैराज के गेटों को खोल दिया गया।