नैनीताल के वीकेंड पर डीएसए मैदान में पार्किंग रही फुल , बारिश में पार्किंग से छाता लेकर निकलते सै?
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल/ रामनगर। नगर में बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश से शुक्रवार को आम जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश से पर्यटकों होटल में ही दुबके रहने को मजबूर होना पड़ा। खराब मौसम के चलते राजभवन मोटर मार्ग पर पालिका मार्केट के पास पेड़ गिरने से बिजली और केबल की लाइन टूट गई।
नगर में बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे से शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही। 11 बजे बाद फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश की वजह से दफ्तर जाने वाले अधिकारियों और कर्मियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। जीआईसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक 24 घंटे के भीतर 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
उधर, रामनगर में शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश ने गर्मी से राहत दी है। हालांकि बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दिनभर मूसलाधार बारिश के चलते धनगढ़ी, पनोद, टेड़ा और बैलगढ़ का नाला भी उफान पर आ गया। पहाड़ों में बारिश के कारण कोसी नदी में 11 हजार क्यूसेक तक पानी पहुंच गया।
झील का जलस्तर बढ़ा, खराब मौसम से नौकायन ठप
नैनीताल। झील नियत्रंण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा के मुताबिक बारिश से झील का जलस्तर 4 इंच बढ़कर शुक्रवार को तीन फुट एक इंच हो चुका है। वहीं, दिनभर तेज हवा चलने से नैनी झील में नौकाएं नहीं चल पाईं।
जिले के दो मोटर मार्ग हुए बंद
नैनीताल। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक बारिश के चलते जिले के फतेहपुर-बेलबसानी और देचौरी-देगांव मोटर मार्ग बंद हो गए हैं।