नैनीताल। नैनीताल जिले में सोमवार को शराब की 62 (29 अंग्रेजी, 32 देसी व एक बियर) दुकानों की नीलामी होगी। आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रविवार को अवकाश के बाद भी देर रात तक दफ्तर में नीलामी की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। नीलामी से पहले आबकारी विभाग को 8181 आवेदन पत्रों से 17 करोड़ 56 लाख 46 हजार रुपये का राजस्व शुल्क के रूप में मिल चुका है। नीलामी सुबह 10 बजे से एलडीए सभागार में होगी।
आबकारी विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए विदेशी मदिरा की दुकानों के लिए आवेदन शुल्क 22 हजार रुपये प्रति दुकान, देसी शराब की दुकान के लिए 18 हजार रुपये और बियर की दुकान के लिए 22 हजार रुपये प्रति दुकान आवेदन शुल्क तय किया गया था। यह शुल्क वापस नहीं होगा।
62 दुकानों के लिए जो 8181 आवेदन पत्र मिले हैं, उनमें पुरुष आवेदकों की संख्या 6020 और महिला आवेदकों की संख्या 2161 है। जिला आबकारी अधिकारी अशोक मिश्रा, आबकारी निरीक्षक सुमन पाल, हरीश जोशी और सरोज पाल के निर्देशन में आबकारी दफ्तर में रविवार देर रात तक कर्मचारी नीलामी के लिए पर्ची बनाने समेत अन्य कार्यों में जुटे थे। मिश्रा ने बताया कि नीलामी स्थल एलडीए सभागार में बेरीकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है।