रामनगर। क्रिकेट के मैदान में फील्डिंग करने की बात तो सबने सुनी होगी। लेकिन यहां बात कोसी, दाबका नदी में फील्डिंग करने वालों की है। जो अधिकारियों के नदियों में पहुंचने से पहले ही माफिया को सूचना देते हैं। जिससे अधिकारी शॉट मारते ही कैच आउट हो जाते हैं और माफिया नदियों से वाहन लेकर बाहर निकल जाते हैं। दरअसल कोसी, दाबका नदी में माफिया मिली भगत के चलते एक रॉयल्टी पर न जाने कितने चक्कर लगाकर कोटी कमाई कर रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर कभी वन विभाग या खान विभाग के अधिकारी खनन रोकने जाते हैं तो यहां पहले से तैनात माफिया के फील्डर उन्हें फोन पर सूचना देकर सतर्क कर देते हैं। जिससे छापा मारने वाले अधिकारी वाहनों को पकड़ने में नाकाम हो जाते हैं। कई बार तो फील्डर अधिकारियों के वाहनों के आगे भी बाइक छोड़कर भाग जाते हैं, ताकि समय रहते वाहनों को नदियों से बाहर किया जा सके।
खनन प्रभाग के डीएलएम सखावत अली फारूखी ने बताया नदियों में फील्डरों की संख्या काफी ज्यादा है। जिससे इनका पता नहीं चल पाता है। उन्होंने बताया इन पर कार्रवाई के लिये पुलिस क्षेत्राधिकारी को लिखित पत्र दिया गया है। पुलिस ने कई बाइकें सीज भी की हैं। विभाग अब फील्डरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई करेगा।