नैनीताल। सशक्त भारत अभियान के तहत पुलिस लाइन नैनीताल में दो दिवसीय संवाद वेलनेस मेला शुरू हुआ। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शनिवार को कार्यक्रम के पहले दिन शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ ही पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य की जानकारी देकर काउंसलिंग की गई। बच्चों को कॅरिअर के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण के लिए स्कूल ऑफ लाइफ की टीम ने उपयोगी विचार साझा किए। गोष्ठी में पुलिस कर्मियों को विपरीत परिस्थितियों में मानसिक रूप से सशक्त रहने के टिप्स दिए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि मानसिक रूप से स्वस्थ रहना व्यक्तिगत और व्यावसायिक दोनों ही जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में डॉ. डायना चेरियन, डॉ. अजहर शॉ, राजेश मिश्रा, सिद्धार्थ दास और आरती श्रृंखला सहित अन्य विशेषज्ञों ने विचार रखे। पहले दिन हाईस्कूल के छात्रों को जागरूक किया गया जबकि दूसरे रविवार को इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और कॅरिअर से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इस दौरान एसपी डॉ. जगदीश चंद्र समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। संवाद