बनभूलपुरा में तीन बच्चों को अचानक कुत्तों ने काट लिया। कुत्तों ने बच्चों के गले, चेहरे, गाल, कान और जबड़े पर घाव बना दिए। परिजन बच्चों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने दो बच्चों को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
हल्द्वानी शहर में कुत्तों का आतंक बढ़ने लगा है। रविवार को बनभूलपुरा के नई बस्ती क्षेत्र में गली में खेल रहे तीन बच्चों को अचानक कुत्तों ने काट लिया। कुत्तों ने बच्चों के गले, चेहरे, गाल, कान और जबड़े पर घाव बना दिए। परिजन बच्चों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने दो बच्चों को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी के अनुसार घायलों में पांच साल की मासूम और 13, 14 वर्ष के किशोर हैं। मासूम बच्ची और 14 वर्षीय किशोर की त्वचा पर गहरे जख्म होने के कारण उसे प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता है। ईएनटी और सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने परिजनों को प्लास्टिक सर्जरी की राय दी और हायर सेंटर रेफर किया है। वहीं 13 वर्षीय किशोर का एसटीएच में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
वहीं बनभूलपुरा क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम से लावारिस कुत्तों को शहर से बाहर भेजने और बंधियाकरण की मांग उठाई है। इससे पहले शुक्रवार को रामपुर रोड निवासी एक किसान के बेटे की बिल्ली के काटने से मौत हो गई थी। मासूम को एंटी रेबीज इंजेक्शन नहीं लगा था।