छह मार्च को जहां पूरी सरोवर नगरी रंगों से सराबोर होगी, वहीं नैनीताल के मिशनरी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों बच्चे होली के रंगाें से अछूते रहेंगे। इन स्कूल में होली पर छुट्टी नहीं की गई है।
ऐसे में स्कूलों में पढ़ने वाले तमाम हिंदू बच्चे और उनके परिजन होली पर गुजिया का स्वाद नहीं ले पाएंगे, जबकि होली और दीपावली हिंदुओें के प्रमुख त्योहार हैं।
स्कूल खुले रहे तो प्रबंधकों का मुंह करेंगे काला
अगर होली पर भी स्कूल खुले रहे तो बजरंग दल जबरन उन्हें बंद करवाएगा। प्रबंधक और प्रिंसिपल के मुंह पर कालिक पोतकर उन्हें घुमाया जाएगा। छुट्टी न होना सीधे तौर पर हिंदु धर्म का अपमान है। जिलाधिकारी से भी बात की जाएगी।
- रंदीप पोखरिया, प्रदेश संयोजक बजरंग दल
जिलाधिकारी को देंगे ज्ञापन
जिन भी स्कूलों में होली पर छुट्टी नहीं है, उन्हें बंद कराने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा, ताकि जिलाधिकारी इस पर कार्रवाई कर सकें।
- कमल मुनी, सहसंयोजक भाजपा गोरक्षा प्रकोष्ट
आंदोलन करेंगे
होली हिंदुओं का पवित्र त्योहार है। इसके लिए सभी स्कूलों में छुट्टी होनी चाहिए, जिन स्कूलों में होली की छुट्टी नहीं है, उनके खिलाफ सोमवार से ही आंदोलन होगा। जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पुतला भी फूंका जाएगा।
-प्रशांत अग्रवाल, संयोजक हिंदु महासभा
ऐसे स्कूलों का पुतला फूंका जाएगा
होली पर हर हाल में छुट्टी होनी चाहिए। छुट्टी नहीं करने वाले स्कूलों के प्रबंधकों का पुतला फूंका जाएगा। उनके खिलाफ आंदोलन होगा।
-कृष्ण गोपाल, बजरंग दल
पब्लिक स्कूलों से संबंध नहीं
इन स्कूलों का पब्लिक स्कूल एसोसिएशन से संबंध नहीं है। हमारे सारे स्कूलों में फेस्टिवल ऑफ है। अन्य स्कूलों में भी होना चाहिए, ताकि बच्चों को त्योहारों की महत्ता पता चले और वे उन्हें आनंद से मनाएं।
- प्रवींद्र रौतेला, अध्यक्ष, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन
होली में हर हाल में स्कूल बंद होंगे
होली पर हर हाल में सभी स्कूल बंद रहेंगे। हुड़दंग के चलते कानून-व्यवस्था को देखते हुए भी सभी स्कूलों को बंद कराया जाएगा। ऐसे में किसी भी स्कूल को खुला नहीं रहने दिया जाएगा।
-दीपक रावत, जिलाधिकारी