छोलिया नृत्य एवं छपेली गीतों की धूम समेत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न होली संगठनों की आकर्षक खड़ी होली की प्रस्तुति के साथ रविवार को सांस्कृतिक संस्था युगमंच का 19वां होली महोत्सव शुरू हो गया है। इस दौरान बीते दिनों प्रशिक्षित बाल होल्यारों ने भी शास्त्रीय रागों पर आधारित बैठ होली प्रस्तुत कर तालियां बटोरी।
शैले हाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत लड़ीधुरा होली क्लब पम्दा की होली के साथ हुई। नगेंद्र कुमार जोशी एवं लोकमान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में धर्म प्रतिज्ञा राख हरीश चंद्र कर लेने बैठे मरघट में.., धन्य भयो रघुनंदन जिन युद्ध रचो कुरुक्षेत्र..आदि होली गाई गई। दल में नारायण जोशी, धर्मानंद जोशी, बंशीधर, बसंत बल्लभ समेत 45 लोग शामिल हैं।
छोलिया नृत्य दल अल्मोड़ा की ओर से कुमाऊंनी वाद्य ढोल दमाऊ नगाड़ा मशकबीन हुड़का आदि की थाप पर छपेली गायन किया। दल में पूरन बोरा, राजन, हरीश, बिशन, दीवान, गोधन समेत 10 लोग शामिल थे। संस्कृति संस्था पाटी के कलाकारों ने जन्म लियो हरि बृज में.., धूम आली धूम मची बृज कुंजन में.. होली प्रस्तुत की। दल में राजेंद्र गहतोड़ी, उमेश, मनोज, खीम, भुवन, इंद्र समेत 20 लोग शामिल थे।
गीत एवं नाट्य प्रभाग की ओर से भेजे गए दल आंचल कला केंद्र हल्द्वानी के कलाकारों ने झनकारो झनकारो... प्रस्तुत की। दल में गिरीश, सुनील, पप्पू, दीपक समेत 10 कलाकार शामिल हैं। आयोजन की सफलता में जहूर आलम, नवीन बेगाना, राजा साह, सतीश पांडे, डा.विजय कृष्ण, अशोक कुमार, जावेद, भाष्कर बिष्ट मनोज पवन आदि लगे हुए हैं।