नैनीताल। नैनीताल के जिला कोर्ट और हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस ने तल्लीताल थाने में तीन, मल्लीताल कोतवाली में एक प्राथमिकी दर्ज कर दी है। अब तक पिछले पांच दिन से आ रही ईमेेल भेजने वाले का पुलिस अभी तक पता नहीं लगा पाई है।
नैनीताल जिला कोर्ट में 16, 17 व 19 और हाईकोर्ट में 19 फरवरी को ईमेल भेज अज्ञात ने जिला कोर्ट और हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। जिला कोर्ट से द्वितीय लिपिक प्रशासनिक कार्यालय कमलेश जोशी की ओर से शिकायतों के बाद तल्लीताल थाने में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
हाईकोर्ट के सहायक निबंधक मूलेंद्र सिंह सिरोही की तहरीर के बाद मल्लीताल कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। आईजी, एसएसपी, एसपी, सीओ व बीडीएस, एटीएस, एलआईयू व साइबर की टीम मामले की जांच में लगी हुई है। लेकिन अभी तक ईमेल भेजने वाले की जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।
आरोपी के इस्तेमाल किए गए आईपी एड्रेस को पुलिस ट्रेस नहीं कर पाई है। ऐसे में अधिवक्ताओं व शहर के अन्य लोगों ने पुलिस की साइबर सेल और खुफिया तंत्र पर सवालिया निशान लगाए हैं।