हल्द्वानी शहर में ट्यूबवेल से केबल काटकर चोरी की घटनाएं फिर शुरू हो गई हैं। पिछले साल हुई ताबड़तोड़ घटनाओं का खुलासा न होने से चोरों के हौंसले बुलंद होते रहे। नतीजतन चोरों ने बुधवार की रात राजपुरा के सरकारी स्कूल के पास बने परिसर से ट्यूबवेल की मेन केबल काट ली। चोर करीब पांच से छह मीटर केबल काट ले गये।
राजपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिनभर जलापूर्ति प्रभावित रही। केबल काटने के बाद से ट्यूबवेल ठप है। इससे तीन हजार के आबादी क्षेत्र में पेयजलापूर्ति करने वाले ओवरहेड टैंक भर नहीं सका, केवल जल निगम के ट्यूबवेल से आपूर्ति हुई। चोर केबल को ऐसे काटकर गये है कि अब उसे बदलने के लिए पाइप निकालना पड़ेगा। ऐसे में दो दिन और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पडे़ेगा। इस मामले में पुलिस को शिकायती पत्र भेजा जाएगा। जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार पूर्व में भी डहरिया, इंदिरानगर समेत छह ट्यूबवेलों से भी केबल काटने की घटनाएं हुई थी। तब नशेड़ियों के वारदात को अंजाम देने की जानकारी मिली थी।
पांडे गार्डन में पहुंची जल संस्थान की टीम
मंगल पड़ाव के पांडे गार्डन क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को जल संस्थान की टीम मौके पर पहुंची और लाइन दुरुस्त कराने में लगी रही। वहां जल निगम पेयजल लाइन बिछा रहा है, संभावना जताई कि सड़क खोदाई के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हुई होगी।
पानी के सैंपल लिए
नैनीताल रोड स्थित चर्च कंपाउंड क्षेत्र में बुधवार की शाम मटमैले पानी की आपूर्ति की शिकायत पर सुबह जल संस्थान के जेई दीपक शर्मा टीम के साथ जांच के लिए प्रभावित क्षेत्र में गये। इस दौरान पानी साफ मिला, शाम की पाली में सप्लाई के दौरान पुनः पानी की जांच की जाएगी। पानी का सैंपल लिया गया है।
पांडे गार्डन क्षेत्र में लाइन दुरुस्त करने के लिए टीम लगी है। दूषित पानी की शिकायत पर जांच की जा रही है। साथ ही ओवरहेड टैंकों की सफाई कराई गई है। आरएस लोशाली, अधिशासी अभियंता जल संस्थान