हल्द्वानी। बनभूलपुरा में अनवर उल्ला सिद्दीकी ने बिना नक्शा के मकान निर्माण कराने पर दो-दो बार लगाई गई सील तोड़कर फिर काम चालू करा दिया। बार-बार ऐसा करने पर जिला विकास प्राधिकरण ने अब सख्त कदम उठाकर उसके खिलाफ मुकदमा ही दर्ज करा दिया।
रिपोर्ट में प्राधिकरण के अवर अभियंता आशुतोष ने कहा है कि बनभूलपुरा में संस्कृत विद्यालय के नजदीक अनवर उल्ला ने तीन साल पहले मकान बनवाना शुरू किया था। शिकायत पर जांच हुई तो सामने आया कि नक्शा ही पास नहीं है। विभाग ने 28 अप्रैल 2022 को उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम 1973 की धारा के तहत उस पर वाद दाखिल किया। इसका भी अनवर उल्ला पर कोई असर नहीं हुआ और निर्माण जारी रखा। तब चार जुलाई 2022 को टीम ने सील लगा दी। अब फिर निर्माण की सूचना पर बीती नौ जून को जब टीम वहां पहुंची तो भूतल पर काम होता मिला। सील भी टूटी हुई थी। टीम ने चेतावनी दी और दोबारा से सील लगा दी। इसके बाद 16 जून को जब टीम चेकिंग के लिए पहुंची तो फिर सील टूटी मिली और मकान का निर्माण जारी था। थाना प्रभारी बनभूलपुरा नीरज भाकुनी ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर अनवर उल्ला के खिलाफ लोकसेवक के आदेश की अवज्ञा और संपत्ति की सुरक्षा के स्थान में अनधिकृत प्रवेश का मुकदमा दर्ज किया गया है।