डीडीहाट (पिथौरागढ़)। चोरों ने कनालीछीना के प्रसिद्ध धनलेख मंदिर और स्टोर रूम के ताले तोड़कर डेढ़ किलो चांदी समेत तांबे के बर्तन चोरी कर दिए हैं। मंदिर में चोरी की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस ने चोरों का पता लगाकर पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पूर्व भी मंदिर में चोरी की घटनाएं भी हुई हैं।
चोरों ने दो दिन पूर्व मंदिर के ताले तोड़कर लगभग डेढ़ किलो वजनी चांदी के छत्र और तांबे के 40 बर्तन चुरा लिए। शुक्रवार को जंगल जा रही महिला ने मंदिर के स्टोर का ताला टूटा देखा तो पुजारी शंकर दत्त भट्ट को इसकी जानकारी दी। स्टोर में देखने में पता चला कि मंदिर से काफी सामान चुराया गया है। नाराज लोगों ने बैठक कर वारदात की निंदा की।
उन्होंने बताया कि शनिवार को वह तहरीर देंगे। उनका कहना है कि तीन फरवरी को भी मंदिर के भी ताले तोड़े गए थे लेकिन चोर सामान नहीं ले जा पाए। पिछले कुछ सालों में धनलेख में मंदिर की चोरी की तीन-चार घटनाएं हो गई हैं। विजय ओझा, ठाकुर दत्त ओझा आदि का कहना है कि इस तरह से घटनाओं से लोगों की आस्था पर गहरी चोट पहुंच रही है।