लालकुआं (नैनीताल)। बेरीपड़ाव रेलवे फाटक से बाघ एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों ने गेट नहीं खोलने पर गेटमैन को पीट दिया। इतना ही नहीं दोनों गेटमैन को पीटते हुए रेलवे ट्रैक तक ले गए। इस दौरान गेटमैन ने बमुश्किल रेड सिग्नल देकर ट्रेन को रुकवाया। गेटमैन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार की रात करीब 10 बजे मोटाहल्दू के किशनपुर सकुलिया निवासी गेटमैन प्रेम सिंह बेरीपड़ाव स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ड्यूटी पर था। इसी समय बाघ एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 13020 काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी, जिस पर गेटमैन ने ट्रेन को पास करने के लिए फाटक बंद कर दिया। इसी दौरान दो युवक स्कूटी से आए और गेटमैन से जबरन फाटक खोलने के लिए कहने लगे।
गेटमैन प्रेम सिंह ने रेलगाड़ी के पास होने पर ही फाटक को खोलने की बात कही, जिस पर दोनों आगबबूला हो गए। आरोप है कि उन्होंने गेटमैन प्रेम सिंह से हाथापाई और धक्कामुक्की की। इसके बाद दोनों गेटमैन को धक्का देकर ट्रैक पर ले गए। इसी दौरान ट्रेन फाटक के पास पहुंच गई। इस पर गेटमैन ने आनन फानन में ट्राई कलर से रेड सिग्नल दिया, जिस पर ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी। इसके बाद दोनों आरोपी गेटमैन को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। रेलगाड़ी कुछ देर रुकने के बाद लालकुआं के लिए रवाना हो गई। गेटमैन की सूचना पर आरपीएफ और रेलवे के अधिकारियों ने मौका मुआयना कर गेटमैन के बयान दर्ज किए। इसके बाद मंगलवार दोपहर को गेटमैन ने कोतवाली में दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।