हल्द्वानी। बागजाला के ग्रामीणों की ओर से 23 दिसंबर को बुद्ध पार्क में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय किसान महासभा की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान महासभा की दो कमेटियों का गठन किया गया।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी ने कहा कि सरकार की पूंजीवादी नीतियों के चलते किसान, पशुपालक, मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों की आजीविका खतरे में पड़ गई है। उन्होंने वन विभाग की ओर से बागजाला के परिवारों को बेदखली के नोटिस देने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग उठाई।
साथ ही बागजाला वासियों को स्थायी रूप से निवास की अनुमति देते हुए भूमि का मालिकाना उनके नाम पर करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। बागजाला को पूर्व की तरह देवला-पजाया ग्रामसभा में शामिल करने के साथ क्षेत्र में निर्माण कार्य पर लगी रोक को खत्म करने की मांग उठी। बैठक में विमला रौथाण, पुष्पा देवी, पंकज चौहान, नैन सिंह कोरंगा, ज्ञानेश्वरी, सरिता, उर्मिला रैस्वाल, भगवती भट्ट, हेमा, लीला, कमला, हीरा आर्य, कमल जोशी आदि रहे। संवाद