हल्द्वानी। काठगोदाम से नैनीताल तक बन रहे रोपवे प्रोजेक्ट पर कर्मचारी यूनियन ने रोडवेज की जमीन न देने की मांग की है। इसके लिए रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मंगलवार को मंडलीय प्रबंधक को पत्र लिखकर रोडवेज की जमीन पर रोपवे बनने पर यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष जगदीश चंद कांडपाल ने पत्र में लिखा कि जिला प्रशासन ने निर्माणाधीन हिल डिपो का क्षेत्रफल कम करके रोपवे प्रोजेक्ट को जमीन दी है। इससे डिपो में पार्किंग की जगह कम हो जाएगी। इसके अलावा काठगोदाम में जो आवासीय परिसर थे, उनका भी अधिग्रहण कर वहां बस स्टेशन बनाया जा रहा है।
आवासीय परिसर में रह रहे कर्मचारियों को बिना कोई सूचना दिए बेघर कर दिया है। इससे आवासीय व्यवस्था हेतु दर-दर भटकना पड़ता है। यूनियन ने एआरएम से मांग करते हुए कहा कि रोपवे बनाने वाली जगह पर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए आवासीय परिसर बनाए जाएं।