कुमाऊं विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षित समारोह 21 अक्तूबर को डीएसबी परिसर नैनीताल के एएन सिंह सभागार में सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। मुख्य अतिथि कुलाधिपति डॉ. केके पाल होंगे। वह दीक्षांत भाषण देने के साथ ही समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अलावा वह तीन डी लिट उपाधि धारकों के साथ ही वर्ष 2015 व 2016 के मेधावियों को पदक प्रदान करेंगे। इस बीच बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. होशियार सिंह धामी ने आयोजन स्थल एएन सिंह सभागार का निरीक्षण किया।
इसके अलावा कार्य परिषद व विवि सभा की बैठक में समारोह में वितरित होने वाले विभिन्न डिग्रियों का अनुमोदन किया गया। समारोह स्थल को भव्य तरीके से सजाने का काम देर रात तक जारी रहा।
कुलपति प्रो. धामी ने रजिस्ट्रार प्रो. डीसी पांडे, डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. एसपीएस मेहता, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. देवेंद्र सिंह बिष्ट, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. अतुल जोशी, प्रो. इंदु पाठक, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीरजा टंडन, प्रो. चंद्रकला पंत, प्रो. आरसी जोशी, प्रो. एसएस बर्गली, डॉ. बीना पांडे, डॉ. रितेश साह आदि के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
दूसरी ओर विवि के हरमिटेज में विवि की कार्य परिषद व सभा की बैठक में कार्य परिषद व विवि सभा की बैठक में समारोह में वितरित होने वाले विभिन्न डिग्रियों का अनुमोदन समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में कार्य परिषद सदस्य बहादुर पाल, डॉ. सुरेश डालाकोटी, जगदीश बुधानी व अरविंद पडियार, कुलपति प्रो. एचएस धामी, रजिस्ट्रार डॉ. डीसी पांडे समेत सभा व परिषद के सदस्य मौजूद थे। इस बीच डीएसबी परिसर में शाम तक दीक्षांत समारोह के लिए विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया।
इसमें डी लिट में तीन में से दो ने, पीएचडी में 132 में से 40 ने तथा उपाधि धारकों में वर्ष 2015 के 47 में से 16 ने जबकि 2016 के 45 में से 19 ने पंजीकरण करा लिया था।