हल्द्वानी। दो नलकूप ठीक होने के बाद रविवार को जलसंस्थान परिसर और जयदेवपुर का नलकूप खराब हो गया। इस कारण डीएम कैंप ऑफिस की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में छह नलकूप खराब होने से पानी का संकट गहरा गया है।
गैस गोदाम रोड, कमलुवागांजा कबडालपुर, हल्दीखाल दमुवाढूंगा और आनंदपुर नलकूप पहले से खराब चल रहे थे। रविवार को नैनीताल रोड स्थित जलसंस्थान परिसर का नलकूप भी खराब हो गया। इस नलकूप से डीएम कैंप ऑफिस को पानी की आपूर्ति करने के साथ टैंकरों में पानी भरने का काम होता था। इस कारण जलसंस्थान को अपने टैंकर शीशमहल से भरने पड़े। इसके अलावा नलकूप खंड का पेयजल आपूर्ति से जुड़ा जयदेवपुर नलकूप भी रविवार को मोटर खराब होने से बैठ गया।
जलसंस्थान के अधिकारियों ने नलकूप खंड को सूचना दे दी है। इधर, जलसंस्थान के अपर सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि रविवार को गैस गोदाम रोड, दमुवाढूंगा, कबडालपुर आदि प्रभावित इलाकों में दो-दो टैंकर भेजे गए।