हल्द्वानी/लालकुआं (नैनीताल)। गोरापड़ाव रेलवे क्रासिंग को पार करते समय अचानक सामने बाघ एक्सप्रेस को देख युवक हड़बड़ाहट में ट्रैक पर गिर गया। जब तक वह संभल पाता, तेज रफ्तार बाघ एक्सप्रेस उसके ऊपर से गुजर गई। लोको पायलट ने ट्रेन को रोक दी और आरपीएफ ने ट्रेन के नीचे से युवक को बाहर निकाल एसटीएच में भर्ती कराया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर रणदीप कुमार ने बताया कि रिंकू (25) पुत्र शोभाराम मूल रूप से सितारगंज का रहने वाला है और गोरापड़ाव में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है। रिंकू रात में करीब 10:25 बजे रेलवे पटरी पार कर रहा था, तभी काठगोदाम-हावड़ा स्पेशल ट्रेन को सामने देख रिंकू हड़बड़ाहट में ट्रैक पर गिर गया। रिंकू के ऊपर से आधी ट्रेन गुजर चुकी थी। आरपीएफ ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस से रात करीब 11:10 बजे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया। मजूदरी करने वाले रिंकू के पिता शोभाराम ने कहा कि आरपीएफ न होती तो बेटे को समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सकता था। रिंकू को आईसीयू में रखा गया है।