हल्द्वानी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेस अस्पताल में बुजुर्गों और बीमार लोगों के कोरोना टीकाकरण के लिए तीसरी मंजिल पर बनाया गया सेंटर परेशानी का सबब बन गया। बीमार और बुजुर्गों को तीसरी मंजिल तक पहुंचना मुश्किल हो गया। जिसका नंबर आया भी तो उसे चार से छह घंटे तक का इंतजार करना पड़ा। भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था फैलने पर स्वास्थ्य विभाग को पुलिस बुलानी पड़ी। अव्यवस्थाओं के बीच शाम पौने पांच बजे तक इस सेंटर पर किसी तरह 71 लोगों के टीका लग सका।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेस अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, महिला अस्पताल के अलावा नैनीताल के बीडी पांडे सरकारी अस्पताल में बुजुर्गों और बीमार लोगों के फ्री कोरोना टीकाकरण की व्यवस्था की गई थी। लेकिन व्यवस्थाओं के नाम पर सब कुछ रामभरोसे ही छोड़ दिया गया। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों और बीमार लोगों को बेस अस्पताल में तीसरी मंजिल पर बनाए गए सेंटर पर हुई। यहां सुबह नौ बजे से टीकाकरण शुरू होना था लेकिन सुबह आठ बजे से ही लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। लेकिन नौ बजे टीकाकरण शुरू होता इससे पहले सरवर ही डाउन हो गया।
दोपहर 11 बजे सरवर चालू होने पर टीकाकरण कार्य शुरू हो सका। यहां डा. राहुल और डॉ. कमल किशोर वैक्सीन लगा रहे थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई तैयारी न होने के कारण वहां बड़ी संख्या में लोगों की टीकाकरण के लिए भीड़ जुट गई। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि बेस अस्पताल में भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था पैदा हो गई थी। व्यवस्था बनाने के लिए एसपी सिटी से अनुरोध कर पुलिस भेजनी पड़ी। वहीं, सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने कहा कि बेस अस्पताल में तीसरी मंजिल तक जाने में बुजुर्गों और बीमार लोगों को पहुंचने में दिक्कत होने पर दूसरा स्थान टीकाकरण के लिए खोजा जाएगा।