हल्द्वानी। मुखानी के एक बैंक्वेट हॉल में छह अप्रैल को दसवीं की छात्रा से दुष्कर्म मामले में नामजद तीसरे युवक ने थाने पहुंचकर समर्पण कर दिया। उसने विवेचक से उसे गिरफ्तार करने और जेल भेजने के लिए कहा। अब तीनों आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
विवेचक एसआई दीपा जोशी ने बताया कि छात्रा से उसके दोस्त राहुल ने अपने दो अन्य साथियों सचिन और दिव्यांश उर्फ दीशू के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। डर की वजह से छात्रा ने यह बात घर वालों को नहीं बताई। पिता को 16 अप्रैल को शक हुआ तो पूछने पर उसने पूरी बात बताई और शिकायत लेकर थाने पहुंचे। तत्काल ही मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। राहुल को मुकदमा दर्ज करने के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। शेष दोनों आरोपी भाग हुए थे। उनके परिवार पर जब दबाव बनाया गया तो रविवार को दिव्यांश को लेकर उसके पिता ही थाने आ गए। सोमवार देर शाम तीसरा आरोपी सचिन भी खुद थाने पहुंच गया। अब तीनों आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। जल्द ही इसमें चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।