हल्द्वानी से देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन की बस में सवार दिनेश नेगी के पास पैसे नहीं थे और एटीएम भी बंद थे। कंडक्टर उन्हें जबरन बस से उतारने लगा तो बस में सवार एक अन्य यात्री ने इंसानियत दिखाते हुए उनके टिकट के पैसे दिए। टिहरी के दिनेश इन दिनों गायकी में पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुख्य रूप से वह पहाड़ी गाने गाते हैं।
मामला बृहस्पतिवार का है। दिनेश नेगी को हरिद्वार से जालंधर जाना था। पर वह गलती से काठगोदाम की ट्रेन में सवार हो गए। काठगोदाम पहुंचने पर टीटी ने पकड़ लिया। उनके पास जितने पैसे थे वो चालान भरने में चले गए। हल्द्वानी पहुंचने पर दिनेश के पास पैसे नहीं बचे और एटीएम भी बंद थे।
दिनेश ने बताया वह मजबूरी में बिना पैसे के ही बस में बैठ गए। उन्होंने कहा ‘मैंने सोचा कि आगेे कहीं एटीएम खुला होगा या हरिद्वार पहुंचकर भाई से पैसे मंगवाकर कंडक्टर को दे दूंगा पर कंडक्टर नहीं माना’। बाकी यात्री भी अपने समय के बारे में सोचते हुए उन्हें उतरने को बोलने लगे।
उनकी मजबूरी भी नहीं समझी। इस पर नजीबाबाद जा रहे हल्द्वानी निवासी मोहम्मद आजम ने सबके खिलाफ जाकर उनके टिकट के पैसे दिए और उनकी मदद की। आजम ने कहा कि परेशानी किसी को भी हो सकती है इसलिए सबकी मदद करनी चाहिए।
दिनेश ने बताया कि यू ट्यूब पर उनकी एक एलबम आई है और जल्द ही दूसरी एलबम भी आने वाली है। मो. आजम हल्द्वानी में दुकानदार है। मदद करने पर आजम का धन्यवाद करते हुए दिनेश ने कहा कि बस में कई यात्री थे पर कोई उनकी मदद को कोई आगे नहीं आया। उन्होंने कहा वह आजम को कभी नहीं भूलेंगे और खुद भी आजम की तरह जरूरतमंदों की मदद करेंगे।