सातताल के जंगल में घूमता हुआ बाघ। स्रोत वीडियो
भीमताल(नैनीताल)। सातताल में बीते कुछ समय से बाघ के आबादी क्षेत्र में दिखने से लोगों में भय का माहौल है। सातताल में बृहस्पतिवार सुबह जंगल से लगे इलाके में बाघ के दिखने के बाद से लोगों में दहशत है। लोगों ने बाघ के विचरण का वीडियो बना लिया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर वन विभाग ने गश्त शुरू कर दी है।
क्षेत्र के विक्रम कंडारी और धीरज बिष्ट ने बताया कि सातताल क्षेत्र में लगातार बाघ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी एक साथ तीन बाघ घूमते हुए देखे गए हैं। विक्रम ने कहा कि बाघ के दिखाई देने के बाद से लोगों में भय का माहौल है। सुबह और शाम के समय लोग अकेले घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से गश्त के साथ बाघ के भय से निजात दिलाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि वनकर्मियों की टीम को मौके पर भेजा गया है। क्षेत्र में पांच ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। वनकर्मियों की ओर से गश्त करने के साथ लोगों से अकेले घर से नहीं निकलने की अपील की है। बर्ड वॉचिंग पर भी रोक लगा दी गई है। ट्रैप कैमरों से पता चलेगा कि क्षेत्र में कितने बाघ घूम रहे हैं। संवाद