धारी के एसडीएम राकेश तिवारी ने बुधवार को ओखलकांडा ब्लाक के राइंका पटरानी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों का सामान्य ज्ञान परखा तो वह न्यून निकला। उन्होंने प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को पठन-पाठन का स्तर सुधारने के निर्देश दिए।
राइंका पटरानी के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की अन्य व्यवस्थाएं तो सामान्य मिली, लेकिन जब उन्होंने 12वीं के छात्रों से अंग्रेजी में स्कूल का नाम लिखने को कहा तो अधिकांश छात्र बगलें झांकने लगे। इस पर एसडीएम ने प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि वह पढ़ाई के स्तर में सुधार करने के साथ ही बच्चों को सामान्य ज्ञान की भी जानकारी दें।
इससे पहले एसडीएम ने पटरानी में प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया, वहां व्यवस्थाएं ठीक मिली। पटरानी में आयोजित जनता दरबार में एसडीएम के समक्ष कुल 32 शिकायतें दर्ज हुई। उक्त शिकायतों में से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।