कार्बेट पार्क में बाघिन ने रोका रास्ता
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर। कार्बेट नेशनल पार्क के बिजरानी जोन में शुक्रवार को पर्यटकों का उस समय खुशी का ठिकाना न रहा, जब वहां घूम रही एक बाघिन आधे घंटे तक वहीं रोड पर जम गई। इस दौरान शाम की पॉली में घूमने आए पर्यटकों ने बाघिन के कई शॉट्स तसल्ली से अपने कैमरे में कैद किए।
कार्बेट पार्क के नेचर गाइडों ने इस बाघिन का नाम शर्मीली रखा है। शुक्रवार शाम को यह बाघिन बटिया नंबर चार में आ रही थी। इसी दौरान शाम की पाली में घूमने के लिए सड़क के दोनों ओर से पर्यटकों से भरी जिप्सियां आ गईं। पहले तो शर्मीली सड़क किनारे चलती रही लेकिन जब जिप्सियां दोनों तरफ से अधिक हो गईं तो शर्मीली रोड पर ही बैठ गई।
इस दृश्य को देखकर पर्यटकों की खुुशी का ठिकाना न रहा। पर्यटकों ने अपने कैमरों में बाघिन के अनगिनत शॉट्स कैद कर लिए। आधा घंटे से अधिक समय तक उसने पर्यटकों का खूब मनोरंजन किया।
इस दौरान कई पर्यटक शर्मीली को देख उसे देवी मां भगवती का वाहन पुकार उसे हाथ जोड़ते भी देखे गए। आधे घंटे बाद शर्मीली घास के मैदान में ओझल हो गई। देर से आए पर्यटक दूरबीनों से बाघिन को तलाशते रहे लेकिन शर्मीली नजर नहीं आई।