नैनीताल जिले में नामी रिजार्ट एवं होटल संचालक टैक्स चोरी कर सरकार को करोड़ों की चपत लगा रहे थे। की आंखों में धूल झोंक रहे हैं।
केंद्रीय उत्पाद सीमा शुल्क एवं सेवा कर की संयुक्त टीमों ने जिले में चार रिजार्ट में छापामारी कर तीन करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी है। टीमों की पड़ताल अभी जारी है। छापामारी से होटल एवं रिजार्ट संचालकों में खलबली मची है।
नैनीताल जिले में नामी ग्रुपों के रिजार्ट और होटल हैं। कई रिजार्ट में टैक्स चोरी की सूचना पर केंद्रीय उत्पाद सीमा शुल्क एवं सेवा कर की हल्द्वानी की टीम ने गोपनीय जांच कराई थी। जांच में टैक्स चोरी की पुष्टि होने पर विभागीय मंडल मुख्यालय मेरठ सूचना दी गई।
सूचना पर मेरठ से (एसआईबी) की टीम हल्द्वानी पहुंची। मेरठ और हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने माउंटेन क्लब भीमताल, एलपाइन क्लब नैनीताल, रेंजर्स रोवर्स बोहराकोट आमगढ़ी रामनगर और स्की एंड स्नो रामनगर में छापामारी की।
केंद्रीय उत्पाद सीमा शुल्क एवं सेवा कर हल्द्वानी के असिस्टेंट कमिश्नर एनएस दुग्ताल के मुताबिक संयुक्त टीमों में 16 अधिकारी एवं कर्मचारी थे।
सभी टीमों ने एक साथ छापामारी की। रिजार्ट के महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर संचालकों एवं स्टाफ से पूछताछ की। असिस्टेंट कमिश्नर के मुताबिक दस्तावेज की जांच में पता चला है कि चारों रिजार्ट 2011 से टैक्स नहीं दे रहे हैं। जांच में तीन करोड़ की टैक्स चोरी उजागर हो चुकी है।