15 फरवरी से पटवारी/लेखपाल भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसकी तैयारियों को लेकर डीएम दीपक रावत की अध्यक्षता में खंड विकास कार्यालय में बैठक हुई। डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को प्रपत्रों की जांच बेहद सावधानीपूर्वक करने और फार्म मे लगे प्रपत्रों, दस्तावेजों को मूल दस्तावेजों से अनिवार्य रूप से मिलान करने का निर्देश दिया।
पटवारी दौड़ के समय एंबुलेंस, बाइक की स्कॉट, सुरक्षा वाहन आदि लगेंगे। पूरी भर्ती की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। ब्लॉक से कठघरिया- लामाचौड़ तक सड़क वन-वे रहेगी और कट व दोराहे बंद रहेंगे।
इन जगहों पर पुलिस कर्मी तैनात होंगे। भर्ती प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारी/कर्मचारियो को निर्देश दिए कि वे 15 फरवरी को प्रात: 8 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में सीडीओ ललित मोहन रयाल, अपर जिलाधिकारी/नोडल अधिकारी भर्ती आरडी पालीवाल, प्रभारी अधिकारी परितोष वर्मा, डिप्टी कलेक्टर अनिल चनियाल आदि मौजूद थे।