नैनीताल/भवाली। नैनीताल में पर्यटन सीजन शुरू होते ही यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई है। सोमवार को नगर की सड़कों पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से मॉल रोड समेत प्रमुख मार्गों पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। इससे पर्यटकों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
नैनीताल में सोमवार सुबह से वाहन रेंगते रहे। ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने शहर के बाहरी क्षेत्रों में वाहनों को रोक-रोककर नगर में प्रवेश दिया। इसके बावजूद यातायात सामान्य नहीं हो सका। मॉल रोड पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि सोमवार को नगर से बाहर जाने वाले वाहनों की संख्या काफी अधिक थी जिससे दबाव बढ़ गया। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। सोमवार को भी अस्थायी पार्किंग स्थलों से शटल का संचालन कर पर्यटकों को नैनीताल भेजा गया है। भवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर जाम लगने से श्रद्धालुओं और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भवाली, सेनिटोरियम और कैंची धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते जाम लगता रहा। मैदानी इलाकों में बच्चों की छुट्टियां पड़ने के बाद सैलानी घूमने के लिए पहाड़ की ओर आ रहे हैं। इसके चलते सड़क पर जाम लग रहा है।
कोटाबाग में सड़क संकीर्ण होने से रेंग रहा ट्रैफिक
कोटाबाग। कोटाबाग बाजार और आसपास का क्षेत्र प्रतिदिन जाम की समस्या से जूझ रहा है। संकरी सड़कों के कारण स्कूलों की छुट्टी के समय स्थिति बिगड़ जाती है। स्थानीय लोग और व्यवसायी सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं। दिसंबर 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौरे पर जनप्रतिनिधियों ने सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा था। सिंचाई, लोनिवि और विद्युत विभाग ने कई बार निरीक्षण किया लेकिन इस संबंध में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पर्यटन व्यवसायी अंशुल शाह ने कहा कि पर्यटक जाम के डर से कोटाबाग नहीं आते है। स्थानीय निवासी कुलदीप तड़ियाल ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के समय बच्चों को निकालना मुश्किल होता है। एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं। क्षेत्रवासियों ने सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की है। संवाद