हल्द्वानी। महादेव गिरी संस्कृत महाविद्यालय में नकल और अन्य अनियमितताओं के चलते प्रभारी प्रधानाचार्य को पद से हटा दिया गया है। निदेशक संस्कृत शिक्षा उत्तराखंड डॉ. आनंद भारद्वाज की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
इसमें कहा गया है कि 10 जून को महादेव गिरी संस्कृत महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। महाविद्यालय में उत्तराखंड विश्वविद्यालय हरिद्वार की ओर से संचालित शास्त्री आचार्य की परीक्षाएं चल रही थीं। इस परीक्षा का संचालन प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. नवीन चंद्र जोशी कर रहे थे। कक्ष संख्या एक में शास्त्री चतुर्थ सेमेस्टर विषय अंग्रेजी एवं संस्कृत की परीक्षा चल रही थी। निदेशक और सहायक निदेशक यशोदा प्रसाद सिमल्टी ने परीक्षा कक्ष का निरीक्षण किया।
परीक्षा के बीच दो छात्र मोबाइल से नकल करते पकड़े गए और एक छात्र के पास तंबाकू की तीन पाउच मिले। आदेश पत्र में कहा गया है कि प्रभारी प्राचार्य की ओर से जानबूझकर छात्रों को सामूहिक नकल कराई गई। इसके अतिरिक्त संबंधित विद्यालय में कई प्रकार की अनियमितताएं मिलीं। इस पर कड़ा एक्शन लेते हुए उन्हें पद से हटा दिया गया है।