फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: पुलिस, आरटीओ और वाहन कंपनी की टेक्निकल टीम जांचेगी किस रफ्तार में हुआ हादसा

Wed, 15 Jul 2026 12:48 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। गौलापार-तीनपानी फ्लाइओवर पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के चार दिन बाद भी हादसे की असल वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस और आरटीओ अधिकारियों के पास भी हादसे के बाबत सवालों का जवाब नहीं है। अब जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस, आरटीओ और वाहन कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ सर्वे की तैयारी है।
विज्ञापन

तीनपानी फ्लाइओवर पर 11 जुलाई की रात बारिश के बीच कार की चपेट में आने से हाथीखाल गौला गेट निवासी राहुल, दुर्गापालपुर निवासी अंशू आर्या, आदित्य टम्टा और धौलाखेड़ा निवासी शिवम की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त स्कूटी भी पड़ी थी। घटनास्थल के पास लगा एनएचएआई का सीसीटीवी कैमरा भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। इस सीसीटीवी ने जो फुटेज कैद की है, उसमें कुछ भी स्पष्ट नहीं है। मामले में अंशू के मामा विशाल की ओर से हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए खुद को चश्मदीद बताया था। विशाल ने कहा है कि उसी के सामने स्कॉर्पियो ने चारों दोस्तों को कुचल दिया था।

पिता के नाम रजिस्टर्ड स्कूटी लेकर गया था अंशू
हादसे में स्कॉर्पियों की चपेट में आई स्कूटी के स्वामी का पता चल गया है। पुलिस के मुताबिक स्कूटी हादसे में मारे गए अंशू की थी जो उसके दिवंगत पिता पंकज के नाम पर पंजीकृत है। प्रत्यक्षदर्शी विशाल के मुताबिक, स्कूटी सड़क के किनारे खड़ी थी लेकिन इसका कोई और गवाह नहीं है। ऐसे में टेक्निकल जांच को अहम माना जा रहा है।
विज्ञापन


हादसे का सच जानने के लिए टेक्निकल मुआयना कराया जाएगा। इस संबंध में आरटीओ से बात की गई है। टेक्निकल मुआयने के दौरान पुलिस, आरटीओ, वाहन कंपनी की टेक्निकल टीम मौजूद रहेगी। सबसे पहले यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वाहन की स्पीड कितनी थी।
मनोज कत्याल, पुलिस अधीक्षक सिटी

हादसे रोकने के लिए पुलिस रात भर चलाए चेकिंग अभियान
सांसद अजय भट्ट ने बरेली रोड में हुए सड़क हादसे को गंभीरता से लिया है। कहा कि गोरपड़ाव, लालकुआ रोड पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस रातभर चेकिंग अभियान चलाए। उन्होंने एनएचएआई को दुर्घटना संभावित स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट एवं आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूपीसीएल पूरी रात विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था के संबंध में लापरवाही की स्थिति में संबंधित कार्यदायी संस्था पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

बरेली रोड हाईवे पर चेकिंग, पांच वाहन सीज
आरटीओ के दो चेकिंग दल ने मंगलवार को तीनपानी बरेली रोड हाईवे पर अभियान चलाया। इस दौरान 30 से अधिक वाहनों के चालान और पांच गाड़ियां सीज की गई। आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाईवे पर हो रहे हादसों पर अंकुश लगाने के क्रम में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार व अनुभा आर्य के नेतृत्व में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें